बाईपास गैंगवार प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी जितेंद्र ठाकुर और हेमू के सरेंडर करने के बाद अब अन्य आरोपियों के भी न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की आशंका जताई जा रही है। इसके मद्देनजर पुलिस ने न्यायालय परिसर के आसपास निगरानी बढ़ा दी है।
पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी पड़ोसी जिलों में भी सरेंडर का प्रयास कर सकते हैं। गौरतलब है कि 18 जून को बाईपास पर हुई फायरिंग की घटना में कोई घायल नहीं हुआ था, लेकिन हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई थी।
दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी और राहगीर बाल-बाल बच गए थे। इस मामले में पुलिस मोना ठाकुर और शानू को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि जितेंद्र ठाकुर और हेमू ने सरेंडर कर दिया है। प्रकरण में अंकित, अनुज, संदीप और सूर्या अभी फरार हैं।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का प्रयास है कि आरोपियों को न्यायालय पहुंचने से पहले गिरफ्तार कर रिमांड पर लेकर घटना से जुड़े हथियारों, अन्य आरोपियों और वारदात के कारणों के संबंध में पूछताछ की जा सके।