सादाबाद क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में नीलगायें किसानों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रहीं हैं। खेतों में घुस रहे नीलगायों के झुंड आलू और गेहूं की खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है।
नौगांव के किसान संजय, कुरसंडा निवासी प्रदीप व बिसावर निवासी मनोज ने बताया कि दिन-रात खेतों की रखवाली करने के बावजूद नीलगायों को रोक पाना मुश्किल हो गया है।जैसे ही अंधेरा होता है, नीलगायों के झुंड खेतों में घुसकर फसलों को रौंद देते हैं और चर जाते हैं। कई किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट होने के कगार पर है। ग्रामीणों के अनुसार नीलगायों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन उनके नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है।
किसानों ने प्रशासन और वन विभाग से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि फसलों को नीलगायों से बचाया जा सके और किसानों को राहत मिल सके। एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि वन विभाग और ब्लॉक के अधिकारियों को नीलगायों की रोकथाम के उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।