हाथरस में अवसाद के चलते यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवक नागेंद्र प्रताप सिंह उर्फ बॉबी (28) ने मंगलवार शाम फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने अपने हाथ पर मैं अपने जीवन से खुश नहीं लिखा है।
आगरा रोड स्थित आशीर्वाद धाम कॉलोनी निवासी बॉबी सीआईएसएफ तैनात हरि सिंह के इकलौते बेटे थे और पिछले छह महीनों से घर पर रहकर गेट एक्जाम व यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। परिजनों के अनुसार बॉबी ने एक कॉलेज से कंप्यूटर से बी-टेक किया था। इसके बाद दो साल टीसीएस कंपनी में नौकरी भी की। बाद में यूपीएससी की तैयारी के चलते उसने नौकरी छोड़ दी थी, फिलहाल वह घर पर रहकर ही तैयारी कर रहे थे।
मंगलवार को हरि सिंह व परिवार के अन्य लोग किसी काम से मथुरा गए थे। शाम को जब वे वापस आए तो बॉबी का शव फंदे पर लटका देखा। मौके पर पहुंची कोतवाली सदर पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई और शव को नीचे उतारा। शव देख परिवार में कोहराम मच गया। आस-पड़ोसियों ने बिलखते परिजनों को संभाला।
लाल पेन से हाथ पर लिखा 11 लाइन का सुसाइड नोट
हाथरस। पुलिस के अनुसार बॉबी काफी समय से डिप्रेशन में था। मथुरा जाने के लिए भी परिजनों ने उससे पूछा था, लेकिन उसने जाने से इन्कार कर दिया था। मरने से पहले नागेंद्र ने अंग्रेजी में हाथ पर लाल पेन से 11 लाइन का सुसाइड नोट लिखा था।
उसने इसमें लिखा, यकीन मानिए, मैं अब अपने जीवन से खुश नहीं हूं। अब मैं दिखावा करते-करते थक गया हूं कि मैं ठीक हूं, जबकि असल में मैं ठीक नहीं हूं। मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं ने मुझे बहुत कमजोर बना दिया है। इसलिए, मैं अपने होशोहवास में अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला ले रहा हूं, जो कि निर्णयात्मक है। संवाद
भाई से झगड़े के बाद बालिका ने फंदे पर लटककर जान दी
थाना क्षेत्र के एक गांव में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली बालिका (12) ने मंगलवार की देर शाम भाई से झगड़ा होने के बाद फंदे पर लटककर जान दे दी।
बालिका का पांचवीं में पढ़ने वाले भाई से कॉपी पर लेने पर विवाद हुआ था। इसी मामूली विवाद को बच्ची बर्दाश्त नहीं कर पाई। उसने बेड पर कुर्सी रखकर दुपट्टे का फंदा छत के कुंडे में बनाया और झूल गई। कुछ देर बाद परिजनों उसे फंदे से लटके देखा तो उसे बचाने की कोशिश की और उसे फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने पुलिस को घटना की नहीं दी है और अंतिम संस्कार कर दिया। गंगीरी इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि मामले की कोई जानकारी नहीं मिली है।