आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित राधे गार्डन के निकट 4 जून की शाम को हाथरस की तरफ से आ रही अपाचे बाइक अचानक असंतुलित हो गई, जिससे बाइक पर सवार दो युवक राजमार्ग पर गिर गए। पीछे चल रहे अज्ञात वाहन ने एक युवक को कुचल दिया, जबकि उसका साथी बाल-बाल बच गया। उपचार के लिए अलीगढ़ ले जाते समय घायल ने दम तोड़ दिया।
कस्बा की वैष्णो धाम कॉलोनी अविक (20) पुत्र विनय अग्रवाल अपने मोहल्ले के ही माधव वार्ष्णेय (20) के साथ अपाचे बाइक से 4 जून की शाम करीब सवा सात बजे हाथरस की तरफ से सासनी आ रहे थे। राधे गार्डन के निकट उनकी बाइक अचानक असंतुलित हो गई, जिससे दोनों बाइक से गिर गए। पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने अविक को कुचल दिया, जबकि माधव बाल-बाल बच गया।
मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों ने ई-रिक्शा से अविक को सीएचसी पहुंचाया। वहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। अविक दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसके पिता परचून की दुकान चलाते हैं। कोतवाली पुलिस भी सीएचसी पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक दुर्घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। संवाद