पत्नी की तलाश में ससुराल सासनी पहुंचे खुर्जा (बुलंदशहर) के गांव समसपुर निवासी युवक महेश कुमार (31) ने मंगलवार रात पत्नी के कथित प्रेमी के घर में खुद को गोली मारकर जान दे दी। आरोप है कि पत्नी की वापसी का दबाव बनाने के लिए उसके प्रेमी के पिता को भी तमंचे के बल पर अगवा करने की कोशिश की। महेश के परिजनों ने उसकी हत्या करने का आरोप ससुराल वालों पर लगाया है।
गोली महेश के बाईं तरफ से कनपटी में घुसी और दूसरी ओर से भेजे को पार कर दीवार में जा धंसी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। महेश की शादी 12 साल पहले सासनी के बिजलीघर क्षेत्र निवासी आशा पुत्री रामबाबू से हुई थी। आरोप है कि आशा के मायके में पड़ोसी अरविंद से प्रेम संबंध थे और वह 16 जून को अपने तीनों बच्चों को लेकर अरविंद के साथ चली गई थी।
महेश के भाई भोला ने बताया कि महेश को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी अपने मायके पहुंच गई है, जिसपर वह मंगलवार रात करीब आठ बजे बाइक से सासनी पहुंचा और यहां उसे आशा नहीं मिली। उसकी ससुराल के सामने ही अरविंद का घर है।
रात करीब 12.30 बजे वह तमंचा लेकर अरविंद के घर में घुस गया। पुलिस के अनुसार वहां पत्नी और अरविंद के नहीं मिलने पर महेश ने उसके पिता सूरजपाल को पकड़ लिया और तमंचा दिखाकर उसपर खुर्जा चलने के लिए दबाव बनाने लगा। उसका कहना था कि सूरजपाल को ले जाएगा तो पत्नी वापस लौट आएगी। पुलिस ने सूरजपाल को भी हिरासत में लिया। घटना के बाद आशा का परिवार भाग गया। बुधवार की दोपहर पहुंचे मृतक के भाई भोला ने अपनी भाभी व उसके कथित प्रेमी पर परिवार के सहयोग से महेश की हत्या करने का आरोप लगाया है।
युवक को कमरे में बंद कर शोर मचाया
घबराए सूरजपाल ने महेश को धक्का देकर कमरे में बंद कर दिया और खुद छत पर भागकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर पड़ोसी एकत्र हो गए। इसी बीच उसने पुलिस को भी घर में एक युवक के तमंचे लेकर घुसने की जानकारी दी। इस बीच कमरे से गोली चलने की आवाज आई। मौके पर जब पुलिस पहुंची तो महेश लहूलुहान हालत में कमरे में पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी।
-पुलिस को सूचना मिली थी कि युवक तमंचा लेकर घर में घुसा है, लेकिन जब तक पुलिस पहुंची, तब तक युवक ने खुद को गोली मार ली थी। संभावना है कि पत्नी के जाने से परेशान होकर व मौके पर खुद को घिरा पाकर उसने यह कदम उठाया हो। तमंचा बरामद कर लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए हैं। हत्या की आशंका नहीं है, फिर भी आरोपों के आधार पर जांच की जा रही है। -हिमांशु माथुर, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सिटी