संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
क्षेत्र के गांव गुतहरा निवासी एक युवक की आगरा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के भाई ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। इधर, युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार राजेश नागर (24) पुत्र चरन सिंह पिछले काफी समय से गांव छोड़कर अपनी ससुराल भमरौली आगरा में रह रहा था। रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई है। मृतक के छोटे भाई मनोज कुमार ने उसके ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि भाई का शव आगरा के मेडिकल कॉलेज में मिला था। वहां चिकित्सकों ने बताया था कि युवक की मौत शनिवार की रात को हो गई थी। आरोप है कि पंचनामा और पोस्टमार्टम के समय भी उन्हें कोई जानकारी नहीं दी गई। किसी अन्य के जरिए उसे अपने भाई की मौत की सूूचना मिली कि उसके भाई का शव आगरा के मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाउस में रखा हुआ है।