दुकान पर सोने की जगह पीतल की अंगूठी रख दी एक महिला ने
बाजार में ही महिला को पकड़ लिया दुकानदार ने, मौके पर पहुंची पुलिस ने की छानबीन
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। निकटवर्ती कस्बा मुरसान के बड़े बाजार चौराहे पर एक सर्राफ की दुकान से अंगूठी खरीदने आई एक महिला ने दुकानदार को बातों में उलझाकर एक सोने की अंगूठी की जगह उसे पीतल की अंगूठी पकड़ा दी। बाद में मामला पता चलने पर दुकानदार ने महिला को पकड़ लिया और महिला पुलिस को भी दुकान पर बुला लिया। काफी हंगामे के बाद लोगों द्वारा मामले को शांत कर दिया गया है।
कस्बा निवासी राजीव कुमार अग्रवाल ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर को महिला एक बालक के साथ दुकान पर अंगूठी लेने के लिए आई। उसने एक के बाद एक करके आठ अंगूठी देखने के लिए निकलवाली। महिला ने उन्हें बातों में उलझाकर आठ अंगूठी में से एक सोने की अगूंठी निकाल ली और उसकी जगह एक पीतल की अंगूठी वापस कर दी। काफी देर बाद राजीव अग्रवाल को यह बात पता चली। राजीव अन्य लोगों के साथ उस महिला को देखने के लिए बाजार में निकल गए और उन्होंने उस महिला को बाजार में ही पकड़ लिया। महिला की करतूत की सूचना भी पुलिस को दे दी।
सूचना पर पुलिस भी दुकान पर आ गई। दुकानदार ने जब सीसीटीवी फुटेज को चेक किया तो उसमें महिला द्वारा अगूंठी बदलने की करतूत सामने आ गई। जिसके चलते दुकानदार के कहने पर पुलिस महिला को थाने ले जाने लगी। तभी महिला ने दुकानदार को अपने साथ ले जाकर बाजार में एक जगह से अगूंठी निकालकर वापस कर दी। महिला द्वारा मांफी मांगने के बाद लोगों ने मामले को शांत कर दिया। महिला ने बताया कि वह सोनई की रहने वाली है वह अपनी बेटी के साथ मुरसान सामना लेने के लिये आई थी।