कस्बा और आसपास के पांच गांवों में रविवार रात हाईटेंशन बिजली लाइन पर पेड़ टूटकर गिरने से करीब 13 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे पूरी रात अंधेरा छाया रहा। सोमवार सुबह लोगों को पानी की गंभीर किल्लत का सामना करना पड़ा।
रविवार रात करीब 8:55 बजे सहपऊ से खोंडा गांव जाने वाले बाईपास मार्ग पर शनिवार मंदिर के पास खड़ा एक विशाल पेड़ तेज आंधी के कारण 11 केवी हाईटेंशन लाइन पर गिर गया। इससे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। पेड़ गिरने से सहपऊ कस्बा के साथ नगला सुखराम, नगला बादाम, नगला मेवा, तकिया और गढ़ी गोसाई गांवों में पूरी रात बिजली गुल रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से नगर पंचायत में लगे दोनों ओवरहेड जलाशयों के पंप भी बंद हो गए, जिसके कारण सोमवार सुबह पानी की आपूर्ति प्रभावित हो गई और लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में बिजली न आने पर उन्होंने लाइनमैन और विभागीय अधिकारियों को फोन कर जानकारी देने की कोशिश की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। कुछ लोगों ने बताया कि लाइनमैन का फोन बंद था, जबकि अधिशासी अभियंता ने भी कॉल रिसीव नहीं की, जिससे लोगों में नाराजगी रही।
लोगों की परेशानी
. रात में बिजली नहीं आने से सुबह पीने के पानी की समस्या खड़ी हो गई। परिवार के लोगों को हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ा। - लोचन सिंह, निवासी सहपऊ
. सुबह मजदूरी पर जाना होता है। रात में बिजली नहीं आने से घर में पानी नहीं था, जिससे खाना बनाने में काफी परेशानी हुई। - महेश मिस्त्री, नगला सुखराम
-
अवर अभियंता बोले
अवर अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि तेज आंधी के कारण हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिर गया था, जिससे कस्बा और पांच गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुबह करीब 10 बजे पेड़ हटाकर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
-