दो साथी बाइक पर गाजियाबाद से एटा जा रहे थे। रास्ते में दोनों टॉयलेट करने के लिए गांव उमरावपुर की पटरी पर उतर गए। आकाश जब सड़क के किनारे बाइक को लेकर खड़ा था, तभी पीछे से धान की कटिंग मशीन लगे एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक के पास खड़े आकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र में एटा रोड पर गांव रतिभानपुर के निकट 19 अक्तूबर की रात को ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में आकाश (22) की मौत हो गई। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
विज्ञापन
एटा जिले के गांव दुल्हापुर निवासी आकाश पुत्र हाकिम सिंह और उसका एक साथी गाजियाबाद में एक फैक्टरी में काम करता था। दोनों 19 अक्तूबर की रात को बाइक से गाजियाबाद से एटा जा रहे थे। इस दौरान आकाश और उसका साथी लघुशंका करने के लिए गांव उमरावपुर के निकट सड़क की पटरी पर उतर गए।
आकाश जब सड़क के किनारे बाइक को लेकर खड़ा था तो इस दौरान पीछे से धान कटिंग मशीन लेकर आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर मृतक के परिवार के लोग भी आ गए। दीपावली के दिन युवक की मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।