लखनऊ निवासी किशोरी की व्हाट्स एप चैटिंग से सिकंदराराऊ के एक गांव निवासी एक युवक से दोस्ती हो गई। दोस्त से मिलने की चाह में किशोरी उसके गांव तक पहुंच गई। किशोरी को घर पर देखकर युवक के परिजन सकते में आ गए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना किशोरी के परिजनों को दी और पुलिस को भी अवगत कराया।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक नोएडा में किसी फैक्टरी में नौकरी करता है। इस दौरान उसकी लखनऊ की एक किशोरी से व्हाट्सएप पर चैटिंग शुरू हो गई। काफी समय तक दोनों में प्यार की बातें होने लगीं। बातों-बातों में किशोरी ने युवक का पता पूछ लिया और वह लखनऊ से युवक द्वारा बताए गए पते पर उसके गांव में अकेली पहुंच गई। एकाएक किशोरी को घर पर देखकर युवक के परिजन परेशान हो गए। उन्होंने किशोरी से उसके परिजन का फोन नंबर पूछा और उन्हें उसके यहां पहुंचने की सूचना दे दी। बाद में इन लोगों ने किशोरी को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। मामले को लेकर गांव में चर्चाएं रहीं।