आरोपियों ने कार के अंदर बैठे राजू को खींचकर बाहर निकाल लिया। आरोपियों ने उन्हें हॉकी और डंडों से पीट-पीटकर घायल कर दिया। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी।
हसायन क्षेत्र के नगला विजन मार्ग पर बृहस्पतिवार की दोपहर को हुई युवक की पीट-पीटकर हत्या के मामले में एटा जिले के चार नामजदों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
विज्ञापन
मृतक के भाई विनोद कुमार पुत्र कन्हैयालाल निवासी सी-888 शहीद नगर साहिबाबाद जिला गाजियाबाद ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि उनके बड़े भाई राजू अपनी ससुराल अंडौली में अंतिम संस्कार में आए हुए थे। 26 दिसंबर की दोपहर को वह अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद एक कार में अन्य रिश्तेदारों के साथ साहिबाबाद लौट रहे थे। हसायन से नगला विजन मार्ग पर दोपहर 2.40 बजे कार और बाइक से आए सुरेश पुत्र जोगी, उनके पुत्र कुलदीप व विनीत के अलावा रामू पुत्र नंदकिशोर व रामू के छोटे भाई के अलावा अन्य अज्ञात लोगों ने कार को रुकवा लिया।
कार के अंदर बैठे उनके भाई राजू को खींचकर बाहर निकाल लिया। आरोपियों ने उनके भाई को हॉकी और डंडों से पीट-पीटकर घायल कर दिया। आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए। उनके भाई राजू ने घायल अवस्था में ही पुलिस कर्मियों को ललित कुमार पुत्र गंगाप्रसाद, गौरी शंकर पुत्र सहदेव निवासी अंडौली की मौजूदगी में वीडियो के सामने आरोपियों के नाम बताए। इसके बाद घायल राजू को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।