सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए विद्युत निगम ने यहां नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने का निर्णय लिया है। करीब 105 करोड़ रुपये की लागत से नया उपकेंद्र बनेगा, जिसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
इस उपकेंद्र के बनने से औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित होने वाली बड़ी कंपनियों को गुणवत्तापूर्ण बिजली मिल सकेगी। प्रस्ताव के अनुसार नए उपकेंद्र में 40-40 एमवीए क्षमता के दो पावर ट्रांसफॉर्मर लगाए जाएंगे। इस प्रकार कुल 80 एमवीए क्षमता का उपकेंद्र तैयार होगा।
इस उपकेंद्र के बनने से औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ने वाले बिजली भार को आसानी से संभाला जा सकेगा और भविष्य में उद्योगों के विस्तार के लिए भी पर्याप्त क्षमता उपलब्ध रहेगी। सलेमपुर में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) की ओर से करीब 498 एकड़ क्षेत्रफल में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है।
यहां विभिन्न सेक्टरों की कई बड़ी कंपनियों को भूमि आवंटित करने की प्रक्रिया जारी है। उद्योग स्थापित होने के बाद बिजली की मांग कई गुना बढ़ने का अनुमान है। इसको देखते हुए अलग से उच्च क्षमता का विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित किया गया है।
यदि उद्योगों को शुरुआत से ही बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी तो निवेशकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। अधिशासी अभियंता होपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रस्ताव फिलहाल शासन स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। यह परियोजना हाथरस के औद्योगिक विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
एक नजर में
-प्रस्तावित स्थान : सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र
-विकसित हो रहा क्षेत्र : 498 एकड़
-प्रस्तावित लागत : करीब 105 करोड़ रुपये
-कुल क्षमता : 80 एमवीए
-ट्रांसफॉर्मर : 40-40 एमवीए के दो पावर ट्रांसफॉर्मर लगेंगे