भगवान जगन्नाथ मंदिर में विराजमान विग्रह। स्रोत : आयोजक
- फोटो : Organiser
भगवान श्रीजगन्नाथ स्वस्थ हो गए हैं, उनकी रथयात्रा बृहस्पतिवार को निकाली जाएगी। भगवान श्रीजगन्नाथ अपने बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ भव्य रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। बुधवार को इसकी तैयारियां पूरी की गईं।
आयोजकों ने बताया कि परंपरा के अनुसार स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान जगन्नाथ अस्वस्थ होकर ज्वर से पीड़ित हो गए थे। औषधोपचार और विशेष पूजा-अर्चना से उन्हें स्वास्थ्य लाभ हुआ है। अब भक्तों को दर्शन का सौभाग्य मिल रहा है।
जैन गली स्थित श्रीजगन्नाथ धाम से बृहस्पतिवार शाम छह बजे आचार्य रामकुमार शर्मा के सान्निध्य में रथयात्रा का शुभारंभ होगा। जिसमें श्रद्धालु रथ की रस्सी खींचकर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे। रथयात्रा दाऊजी मंदिर, गुड़हाई बाजार, पसरट्टा बाजार, मोती बाजार, लोहट बाजार, नजिहाई बाजार और रामलीला मैदान सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर पुनः जगन्नाथ धाम पहुंचेगी। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन मंडलियां प्रभु का गुणगान करेंगी। वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनि और जयघोष से वातावरण भक्तिमय रहेगा।