बदलते फैशन ट्रेंड के साथ अब महिलाओं की पसंद भी तेजी से बदल रही है। पारंपरिक परिधानों के साथ-साथ पैंट सूट का चलन लगातार बढ़ रहा है। ऑफिस वियर से लेकर कॉलेज, मीटिंग, कैजुअल आउटिंग और पार्टी तक पैंट सूट महिलाओं की पहली पसंद बनता जा रहा है। आरामदायक होने के साथ यह स्टाइलिश और प्रोफेशनल लुक भी देता है।
शहर के रेडीमेड गारमेंट्स कारोबारी और बुटीक संचालकों के अनुसार इस समय कॉटन और लिनेन फैब्रिक में स्ट्रेट कट कुर्तों के साथ एंकल-लेंथ पैंट्स की मांग सबसे अधिक है। वहीं औपचारिक अवसरों के लिए हाई वेस्टेड चौड़ी मोहरी वाली पैंट के साथ डबल-ब्रेस्टेड ब्लेजर का कॉम्बिनेशन महिलाओं को आकर्षित कर रहा है।
पेस्टल, बेज, ऑलिव ग्रीन, नेवी ब्लू और ब्लैक जैसे रंग सबसे अधिक पसंद किए जा रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि कॉलेज जाने वाली युवतियां फ्यूजन एथनिक पैंट सूट को प्राथमिकता दे रही हैं, जबकि नौकरीपेशा महिलाएं सिंपल, एलिगेंट और कंफर्टेबल डिजाइनों की खरीदारी कर रही हैं। त्योहारों और छोटे पारिवारिक आयोजनों के लिए भी हल्की कढ़ाई और प्रिंट वाले पैंट सूट की मांग बढ़ी है। फैशन विशेषज्ञों का मानना है कि आराम, आधुनिकता और बहुउपयोगिता के कारण आने वाले समय में भी पैंट सूट का ट्रेंड इसी तरह बना रहेगा।
पिछले एक-दो वर्षों में महिलाओं के पैंट सूट की मांग में लगातार बढ़ोतरी हुई है। पहले इसकी खरीदारी मुख्य रूप से नौकरीपेशा महिलाएं करती थीं, लेकिन अब कॉलेज छात्राएं और गृहिणियां भी इसे पसंद कर रही हैं। कॉटन, लिनेन और रेयॉन फैब्रिक के पैंट सूट सबसे अधिक बिक रहे हैं। -देवांश वार्ष्णेय, दुकानदार।
महिलाएं अब ऐसे परिधानों को प्राथमिकता दे रही हैं जो स्टाइलिश होने के साथ आरामदायक भी हों। पैंट सूट इसी वजह से तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। ऑफिस, कॉलेज, पारिवारिक समारोह और छोटे आयोजनों के लिए महिलाएं अलग-अलग डिजाइन पसंद कर रही हैं, जिससे इस श्रेणी की बिक्री में भी इजाफा हुआ है।
-रेखा अग्रवाल, दुकानदार।