हाथरस जंक्शन के यार्ड में घटना के बाद मालगाड़ी से अलग किया गया क्षतिग्रस्त वैगन
- फोटो : संवाद
उत्तर मध्य रेलवे के हाथरस जंक्शन स्टेशन के यार्ड में 29 मार्च की रात को शंटिंग के दौरान मालगाड़ी स्लीपर के ढेर से टकरा गई। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन मालगाड़ी का सबसे अंत का वैगन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
हाथरस जंक्शन स्टेशन के यार्ड में रेलवे ट्रैक में लगने वाले स्लीपर का डिपो बना हुआ है। यहां पुराने रेलवे ट्रैक स्लीपर सहित लाए जाते हैं। यह सामान खुली मालगाड़ी से लाया जाता है। 29 मार्च की रात यहां पुराने रेलवे ट्रैक लेकर पहुंची एक मालगाड़ी शंटिंग के दौरान तेज गति से स्लीपर के ढेर से जा टकराई। रात के समय हुई इस टक्कर की तेज आवाज से रेलवे कर्मियों में खलबली मच गई।
मौके पर रेलवे कर्मी पहुंच गए। घटना में क्षतिग्रस्त हुए वैगन को मौके पर ही खड़ा करा दिया गया। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के जनंसपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि शंटिंग के दौरान घटना हुई थी। इसमें कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है। घटना की जांच की जा रही है।
कई दिन तक घटना को दबाकर बैठे रहे कर्मी
रात के समय हुई इस घटना के लिए कई कर्मियों को दोषी माना जा रहा है। यही कारण है कि घटना को कई दिन तक दबाकर रखा गया। अब इस मामले में प्रयागराज मंडल स्तर से जांच की जा रही है। माना जा रहा है कि मामले में कई दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।