मुरसान क्षेत्र के गांव बगुली में 1 जनवरी रात एक मजदूर के घेर के छप्पर में आग लगने से एक गाय और उसकी बछिया की मौत हो गई। एक अन्य गाय और एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गईं।
विज्ञापन
बगुली निवासी फौरन सिंह ने बताया कि उनके पिता बाहर रहते हैं। 1 जनवरी रात परिवार के सदस्य घर पर सो रहे थे। रात करीब 10 बजे अचानक अज्ञात कारणों से घेर के छप्पर में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में उसने विकराल रूप ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक घेर में रखा पशु आहार, चारा और अन्य घरेलू सामान जल चुका था।
छप्पर में दो गाय, एक बछिया और एक भैंस बंधीं थीं। ग्रामीणों की सहायता से एक भैंस और एक गाय को झुलसी हालत में बाहर निकाला गया। आग के कारण एक गाय और उसकी बछिया ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। रात 12 बजे के करीब आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।