जलेसर रोड स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय के पुराने भवन के निकट मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चिकित्सालय के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। कर्मचारी की हालत गंभीर बनी हुई है।
पशु चिकित्सालय परिसर के पुराने भवन के पास स्थित एक पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि कुछ लोग छत्ते से शहद निकालने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और ड्यूटी पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विशाल पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से विशाल बुरी तरह घबरा गए और उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने तत्काल उन्हें मधुमक्खियों से बचाया और आनन-फानन उपचार के लिए सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। संवाद