सिकंदराराऊ (हाथरस)। बबराला की बालाजी ट्रांसपोर्ट कंपनी से शुक्रवार को 320 कट्टा खाद के लादकर कायमगंज के लिए चला ट्रक रविवार की दोपहर में अलीगढ़ जीटी रोड पर लावारिस अवस्था में खाली खड़ा मिला। एक लाख से ज्यादा लागत की खाद के साथ ट्रक चालक गुलाब सिंह लापता है। ट्रक के केबिन में मिले खून के धब्बों से स्पष्ट हो गया है कि चालक के साथ कोई अनहोनी हुई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की सूचना पर बबराला से ट्रक मालिक यहां पहुंचने ही वाले थे।
बता दें कि रविवार को कोतवाली पुलिस को इत्तला मिली कि एक खाली ट्रक जीटी रोड पर लावारिस हालत में जीटी रोड पर खड़ा है। कोतवाली पुलिस ने जांच की तो पाया कि खाद बबराला की टाटा फर्टिलाइजर्स से भरा गया है। वहां पूछताछ में उजागर हुआ कि ट्रक को बालाजी कंपनी से लोड कर कायमगंज के लिए रवाना किया गया था। शनिवार को ट्रक जब कायमगंज में निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा तो चारों तरफ खोजबीन प्रारंभ हो गई। आशंका व्यक्त की जा रही है कि चालक को कब्जे में लेकर ट्रक पर कब्जा किया गया और चालक के विरोध करने पर उसके साथ कुछ अनहोनी की गई। चालक की सीट के पीछे और ट्रक से उतरने के स्थान पर खून के धब्बे पड़े होने से इस आशंका को बल मिल रहा है। चौंकाने वाली बात यह निकलकर आई कि कायमगंज एटा की तरफ है, जबकि ट्रक अलीगढ़ की तरफ मुंह करके खड़ा पाया गया। इससे अंदाज लगाया जा रहा है कि या तो खाद यहीं कहीं उतारी गई या फिर क्षेत्र का कोई शातिर अपराधी इस कांड में लिप्त है।