हाथरस। अय्याशी की शिकायत पर बुधवार को पुलिस ने शहर के पंजाबी क्वार्टर के एक मकान में छापा मारा। भनक लगने पर कई जोडे़ तो पुलिस को चकमा देकर भाग गए, लेकिन पुलिस ने इस दौरान मकान स्वामी एक महिला एवं एक युवती को हिरासत में लिया है। पुलिस इन महिलाओं से पूछताछ करने में लगी है।
शहर की कई आवासीय कॉलोनियों में अश्लील गतिविधियां चल रही हैं। इस समस्या से परेशान लोगों द्वारा लगातार शिकायतें भी दर्ज कराई जा रही हैं। इस प्रकार की गतिविधियां पिछले कुछ समय से शहर की पंजाबी क्वार्टर कॉलोनी में भी चल रही थीं। कॉलोनी के लोग इस समस्या से परेशान थे। पूरी कॉलोनी का माहौल खराब हो रहा है। लोगों ने बुधवार को जब कुछ युवक-युवतियों के कई जोडे़ इस मकान में घुसते हुए देखे तो कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी। कोतवाली से पुलिस कर्मियों के एक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर इस मकान की घेराबंदी की। इसी आधार पर कोतवाली पुलिस ने इस मकान पर बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे छापेमारी की, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई की भनक इस मकान में रंग रेलियां मना रहे जोड़ों को भी हो गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही इस मकान से अधिकांश जोड़े भागने में सफल हो गए, लेकिन पुलिस ने जब इस मकान पर छापेमारी की तो इस मकान की स्वामी महिला एवं एक अन्य युवती मकान में मौजूद थी। पुलिस ने इन दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए कोतवाली में बिठा लिया था।