हाथरस। शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिजली का बिल जमा कराने के लिए लंबी लाइनों के चक्कर से जल्द मुक्ति मिल सकती है। बिजली विभाग शहरी क्षेत्र में साइबर कैफे और रेलवे रिजर्वेशन काउंटरों पर जल्द ऑनलाइन बिल जमा करने की सुविधा शुरू करने जा रहा है। जिससे कि उपभोक्ताओं को बिल जमा कराने के लिए लाइनों के धक्कों से निजात मिल सके।
दक्षिणंाचल विद्युत वितरण निगम के महाप्रबंधक ने कुछ जिलों के शहरी इलाकों में ऑनलाइन बिल भुगतान शुरू करने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। जिसके लिए विभागीय अधिकारी अब साइबर कैफे और रेलवे रिजर्वेशन काउंटरों की तलाश कर रहे हैं। इस सुविधा को जल्द ही विभाग अमलीजामा पहनाएगा। उपभोक्ताओं को बिजली का बिल भुगतान करने के लिए अपने घरों और व्यवसायों के निकट सुविधा मिलना जल्द शुरू हो जाएगी। इसके लिए विद्युत विभाग इन केंद्रों को अपने कार्यालय से संबद्ध कर लेगा। जिसके जरिए उपभोक्ताओं के बिल ऑनलाइन जमा होंगे। फिलहाल यह योजना शहरी इलाकों में चलाई जा रही है। ग्रामीण इलाकों के लिए शासन योजना को तैयार करने में लगा हुआ है। ऑनलाइन सेवा शुरू होने के बाद से उपभोक्ताओं के समय बच सकेगा।