हाथरस/सहपऊ। कनेक्शन काटने के लिए चल रहे अभियान का विरोध तेज हो गया है। गांव गुतहरा में बिजली चोरी की सूचना पर छापा मारने पहुंची बिजली टीम को कुछ लोगों ने घेर लिया और जेई व अन्य कर्मियों के साथ हाथापाई कर दी गई। इससे वहां हंगामा खड़ा हो गया। टीम को वहां से उल्टे पांव लौटना पड़ गया। जेई ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाना सहपऊ में तहरीर दे दी है। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को भी दे दी गई है।
बताते हैं कि बिजली टीम ने कुछ दिन पहले गांव गुतहरा में एक नलकूप बकाएदार का कनेक्शन काट दिया था। टीम को सूचना मिली कि उपभोक्ता ने बिना पैसा जमा कराए ही अपना कनेक्शन जोड़ लिया और धड़ल्ले से नलकूप चला रहा है। सूचना पर अवर अभियंता भूपेंद्र कुमार टीम के साथ वहां पहुंच गए। टीम ने यहां देखा कि इसी नलकूप बकाएदार के यहां आटा चक्की भी कटिया डालकर चोरी से चलाई जा रही थी। टीम ने जैसे ही इनके खिलाफ कार्रवाई शुरू की, बकाएदार के परिवार के लोग विरोध में उतर आए। इन लोगों ने टीम को घेर लिया और जेई और अन्य कर्मियों के साथ हाथापाई व मारपीट शुरू कर दी। बताते हैं कि काफी देर तक इन लोगों ने टीम को बंधक बनाए रखा। जैसे-तैसे जेई और अन्य स्टाफ निकलकर थाना सहपऊ पहुंचा और अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। इस मामले में जेई ने आरोपी बकाएदार के खिलाफ मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है। बकाएदार के खिलाफ एक अन्य तहरीर बिजली चोरी के मामले में भी दी गई है, जिसमें पर उस पर कटा हुआ कनेक्शन बिना कोई पैसा जमा कराए चलाने और कटिया डालकर आटा चक्की का संचालन करने का आरोप लगाया गया है।