हाथरस। दीपोत्सव की शुरुआत के साथ ही जिले के सरकारी दफ्तरों में छुट्टियों की शुरुआत हो गई है। इस बार धनतेरस से एक दिन पहले से ही छुट्टियां शुरू हो गई हैं। अगले छह दिनों में सिर्फ एक ही दिन जिले के सरकारी दफ्तरों में कामकाज होगा और उसके बाद फिर तीन दिन के लिए सरकारी दफ्तर बंद हो जाएंगे।
ऐसे में लोगों को सरकारी कामों के लिए अब कम से कम छह दिन इंतजार करना पड़ेगा। छह दिन बाद जब दफ्तर खुलेंगे तो उस समय भी सरकारी मुलाजिमों पर त्योहार की खुमारी हावी रहेगी। त्योहार के बाद के दो दिन भी त्योहार की खुमारी उतारने में ही निकल जाएंगे। ऐसे में दफ्तरों का कामकाज 9 दिन बाद ही पटरी पर लौट पाएगा। आमतौर पर तो त्योहार की छुट्टियों की शुरुआत त्योहार से एक दिन पहले ही होती है, लेकिन इस बार तो सरकारी मुलाजिमों को धनतेरस से दो दिन पहले से ही छुट्टियां मनाने का मौका मिल गया है। धनतेरस से एक दिन पहले महीने के दूसरे शनिवार की छुट्टी पड़ गई, जबकि धनतेरस भी रविवार की छुट्टी में पड़ रही है। सोमवार को छोटी दिवाली के दिन दफ्तर जरूर खुलेंगे, लेकिन सिर्फ रस्म के लिए। उस दिन शायद ही दफ्तरों में कोई कामकाज होगा। मंगलवार को दिवाली की छुट्टी हो जाएगी। बुधवार को गोवर्धन पूजा और गुरुवार को भैया दौज की छुट्टी रहेगी। त्योहार के बाद केवल शुक्रवार और शनिवार को ही सरकारी दफ्तर और स्कूल खुलेंगे। फिर रविवार की छुट्टी पड़ जाएगी। इस तरह सरकारी कामकाज सोमवार से पूरी रफ्तार से दौड़ पाएगा और स्कूलों में पढ़ाई भी तभी सुचारु हो पाएगी।