न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
चालीस फीसदी सांसदों के टिकट कटने की सूचना से हाथरस में भाजपा में एक गुट में खलबली मच गई है। तो वहीं एक गुट काफी प्रसन्न नजर आ रहा है। भाजपा में इस समय टिकट के सबसे ज्यादा दावेदार हैं। ऐसे में मौजूदा सांसद राजेश दिवाकर के पार्टी से फिर से टिकट पाना बड़ी चुनौती है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा में यहां लंबे समय से अंदरखाने में गुटबंदी व्याप्त है। ऐसे में भाजपा में कई लॉबी सक्रिय हैं। कुछ नेता सांसद राजेश दिवाकर का टिकट कटवाने में लगे हैं तो राजेश दिवाकर पूरी तरह से इस प्रयास में है कि पार्टी उन्हें फिर से उम्मीदवार बना दे।
भाजपा के कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधि खुद टिकट मांग रहे है या फिर अपने रिश्तेदारों को टिकट दिलाने की मांग कर रहे हैं। सांसद के विरोध में यह लोग आलाकमान से मिल रहे हैं। यह लोग लखनऊ व दिल्ली के लगातार चक्कर लगा रहे हैं। भाजपा में सबसे ज्यादा दावेदार मौजूद हैं। ऐेसे में पार्टी अगले एक सप्ताह के अंदर टिकट फाइनल कर देगी।
देखने वाली बात यह होगी कि पार्टी राजेश दिवाकर को ही टिकट देगी या फिर कोई नया चेहरा उतारेगी। वैसे राजेश दिवाकर की पृष्ठभूमि संघ से जुड़ी है। भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य का कहना है कि टिकट पर फैसला पार्टी नेतृत्व लेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि 18 मार्च तक पार्टी उम्मीदवार घोषित कर देगी।