न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। सिकंदराराऊ की एसडीएम के रीडर पर डीएम डॉ. रमाशंकर मौर्य ने अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही एवं शिथिलता बरते जाने के मामले में विभागीय कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की है। इस संबंध में एडीएम रेखा एस चौहान ने एसडीएम सिकंदराराऊ को जांच अधिकारी नामित कर आरोप पत्र 15 दिनों के अंदर तैयार कर आरोपित कर्मचारी को देने के निर्देश दिए हैं।
21 जनवरी को एसडीएम सिकंदराराऊ द्वारा रीडर अशोक कुमार शर्मा के खिलाफ वादों के निस्तारण कराए जाने में रुचि न लेने एवं अपने दायित्वों के प्रति लापरवाही बरते जाने की शिकायत की गई थी। इस शिकायत के आधार अब डीएम ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।
डीएम ने इस मामले में विभागीय कार्रवाई किए जाने की संस्तुति कर दी है। डीएम के आदेशों के क्रम में एडीएम ने एसडीएम सिकंदराराऊ को जांच अधिकारी नामित कर 15 दिनों के अंदर आरोप पत्र तैयार कर अपचारी कर्मचारी को प्राप्त कराने के निर्देश जारी किए है। इस कार्रवाई को लेकर कलेक्टे्रट में चर्चाओं का दौर रहा।