न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। शासन और कोटेदारों के बीच सामंजस्य की कमी के कारण गरीब कार्डधारकों को अपने निवाले के लिए भटकना पड़ रहा है। यहां जिले में प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पांच सितंबर से कोटेदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे हैं। इस कारण कार्डधारकों भटकना पड़ रहा है।
कार्डधारक रोजाना खाद्यान्न लेने के लिए अपने घर से निकलकर कोटेदार की दुकान तक जाते हैं और दुकान पर ताला लगा देख लौट आते हैं। अब कार्डधारक शासन के फैसले की ओर अपनी निगाहें लगाए हुए बैठे हैं कि शासन स्तर से कोटेदारों की मांगों को सुना जाए और उन्हें खाद्यान्न मिल सके।
इधर, कोटेदार अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए अड़े हुए हैं। इन सबके बीच गरीब कार्डधारक परेशान हैं। जिले में 2,77,000 पात्र गृहस्थी और 16891 अंत्योदय कार्डधारक हैं। इन-दिनों यह कार्ड धारक खाद्यान्न नहीं मिलने से परेशान हैं। ज्यादातर कार्डधारक तो रोजाना कोटेदारों की दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं।
-----------------------------
राशन लेने के लिए रोज कोटेदार की दुकान के चक्कर लगा रहे है। दुकान बंद मिलती है। इस कारण रोज लौटकर आना पड़ता है। घर में राशन की जरुरत है।
-ज्ञान प्रकाश, श्यामकुंज
--------------------------
सरकार और कोटेदारों की बीच की लड़ाई में हम कार्डधारक परेशान हैं। हम अपनी बात किससे कहें। कोटेदारों की हड़ताल से हम लोग परेशान हो गए हैं।
-मनोज , सीमा उपाध्याय नगर
-------------------------------
सरकार को कोटेदारों के साथ बैठकर बात करनी चाहिए। अगर कोटदारों से बात नहीं कर रही तो हमें खाद्यान्न दिलाने की व्यवस्था सरकार को करनी चाहिए।
-बृजेश, नाई का नगला
-----------------------------------
इस हड़ताल से गरीब सबसे ज्यादा परेशान हैं। इस माह का राशन अब तक हमें मिल जाता, लेकिन हड़ताल के चलते अभी तक राशन नहीं मिला है। दुकान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल का बैनर लगा हुआ है।
-श्री निवास, लाला का नगला