राम बाग इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकलते परीक्षार्थी।
- फोटो : Amar Ujala
माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा हुई। नकल पर सख्ती के चलते दूसरे दिन हाईस्कूल 8007 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। पहले दिन 1,226 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा किया था। इस तरह बीते दो दिन में कुल 9, 233 परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया है। केंद्र व्यवस्थापकों ने पहली पाली में तीन नकलची भी पकड़े जिनको विधिवत रूप से रिस्टीकेट कर दिया है। पहले दिन परीक्षा की शुचिता तार-तार होने की सूचना के बाद खुद डीएम अमित कुमार सिंह नकल की निगरानी के लिए मैदान में कूद पड़े।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा में नकल रोकने के लिए जिला परीक्षा समिति ने पूरी ताकत झोंक दी है। डीएम अमित कुमार सिंह ने मंगलवार को मुरसान क्षेत्र के तीन विद्यालयों जीएसएस इंटर कॉलेज, राजा महेंद्र प्रताप इंटर कॉलेज एवं चौधरी चरण सिंह इंटर कॉलेज के औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें किसी परीक्षा केंद्र पर नकल होती हुई तो नहीं मिली, लेकिन एक परीक्षा केंद्र पर विद्युत लाइन का तार टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित मिली। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को इसे सही करने के आदेश दिए और चेतावनी दी कि परीक्षा के दौरान विद्युत आपूर्ति ठप नहीं होनी चाहिए, जिससे कहीं भी परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं हो सके।
बुधवार को हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा के दौरान सभी विभागीय सचल दलों ने लगातार परीक्षा केंद्रों पर छापेमारी की। उनको किसी भी परीक्षा केंद्र पर नकल होती हुई नहीं मिली। परीक्षा के दौरान जेके तामसी इंटर कॉलेज, कर्ण सिंह इंटर कॉलेज तसींगा के परीक्षा केंद्रों पर दो परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। इनको केंद्र व्यवस्थापकों ने रस्टीकेट कर दिया, जबकि सादाबाद इंटर कॉलेज सादाबाद में एक हाईस्कूल हिंदी के पेपर में ही एक छात्रा को नकल करते हुए पकड़कर रस्टीकेट कर दिया। हाईस्कूल प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा में 10 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से आठ ने परीक्षा में भाग लिया।