न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
स्वास्थ्य महकमा जुलाई माह को डेंगू माह के रूप में मनाएगा। इस माह में डेंगू की रोकथाम के लिए कई तरह के प्रयास किए जाएंगे। शासन ने डेंगू के रोग पर काबू पाने के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिले के स्वास्थ्य अफसरों को दिशा निर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों में जिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर तक सभी जगह फीवर हेल्प डेस्क की स्थापना करने, जिला अस्पताल में एक वार्ड (10 बैड) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पांच बेड आरक्षित (जो कि मच्छरदानी से युक्त हों) करने, प्रत्येक विद्यालय में प्रार्थना सभा के दौरान वेक्टरजनित रोगों से बचाव के लिए सावधानियां आदि की जानकारी देना, प्रत्येक स्कूल के एक शिक्षक को प्रशिक्षित करने, जलभराव वाले स्थानों पर लार्वा जांच एवं लार्वा नाशक दवा का छिड़काव कराने, अधिक मच्छर घनत्व वाले स्थानों पर फॉगिंग कराने, लार्वा सोर्स रिडक्शन की कार्यवाही करने आदि निर्देश प्रमुख रहे।
जलभराव की स्थिति पैदा करने वाले भवन स्वामी, दुकान स्वामी, उद्योगपति के खिलाफ नोटिस जारी कर उचित कार्रवाई करने, डेंगू जांच की सुविधा ब्लाक स्तर एवं जिला अस्पताल में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। डेंगू माह में अंतरविभागीय समन्वय के लिए बैठक का आयोजन होगा। प्रतिदिन सीएमओ कार्यों की समीक्षा करेंगे। डीएमओ डॉ. मुकेश जौहरी ने बताया कि शासन से मिले दिशा निर्देशों के क्रम में फीवर हेल्प डेस्क की स्थापना कर दी गई है और बेड भी आरक्षित कर दिए गए हैं। अन्य दिशा निर्देशों पर भी जल्द अमल किया जाएगा।