प्राइवेट फाइनेंस कर्मी से 80 हजार की लूट
कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव रतनगढ़ी के पास बाइक सवार बदमाशों ने किया घटना को अंजाम
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। कलेक्शन कर लौट रहे एक प्राइवेट फाइनेंस कर्मी के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली।
चंदपा क्षेत्र के एक गांव निवासी रोहित शर्मा शहर की आवास विकास कॉलोनी में रहता है। रोहित उज्जीवन फाइनेंस में काम करता है। बुधवार को वह हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव रतनगढ़ी से रुपयों का कलेक्शन करके लौट रहा था। इसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने धक्का देकर रोहित की बाइक को गिरा दिया और बदमाश उससे रुपयों का थैला लूट कर भाग गए।
थैले में करीब 80 हजार 900 रुपये थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली। एसएचओ मनोज शर्मा ने बताया कि यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, फिर भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।