न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
लोकसभा क्षेत्र के ग्रामीण व किसानों द्वारा सांसद राजेश दिवाकर को अपनी विद्युत विभाग से संबंधित समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने कहा कि निजी नलकूप कनेक्शन के लिए विद्युत विभाग में आवेदन करने के बाद सभी प्रक्रिया पूर्ण होने के बावजूद उन्हें विद्युत पोल, तार, ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
पानी की उपलब्धता नहीं होने के कारण फसल का नुकसान हो रहा है। सांसद ने ग्रामीणों की शिकायत पर विभागीय अधिकारी से वार्ता की। सांसद ने ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद डार्कजोन में नलकूप कनेक्शनों पर रोक को हटाया गया है।
हाथरस में विभागीय स्टोर में पर्याप्त मात्रा में सामान उपलब्ध नहीं होने के कारण किसानों को कनेक्शन नहीं मिल पा रहे हैं। उपभोक्ता विभाग तथा जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं। उन्होंने ऊर्जा मंत्री से विद्युत लाइन खिंचवाने और सामान उपलब्ध कराए जाने का आग्रह किया, जिससे किसानों को खेती में लाभ हो सके।