सादाबाद/सहपऊ। ग्राम पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के लिए सादाबाद और सहपऊ विकास खंडों पर गुरुवार से नामांकन शुरू हो गए। पहले ही दिन दोनों ब्लॉकों पर नामांकन के लिए प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का मेला लगा रहा। दोनों ब्लॉकों में प्रधान पदों के लिए कुल 533 और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 105 पर्चे भरे गए।
सहपऊ। विकास खंड सहपऊ में छह न्याय पंचायतों में नामांकन के लिए छह और पर्चा खरीदने के लिए दो अलग से काउंटर बनाए गए थे। यहां 51 ग्राम प्रधानों के लिए 224 और 641 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए कुल 36 नामांकन भरे गए। ब्लॉक में प्रधान पद के लिए कुल 62 और सदस्य पद के लिए 107 पर्चों की बिक्री हुई।
सादाबाद। विकास खंड कार्यालय पर दिन भर में 378 प्रत्याशियों ने नामांकन किए। 58 ग्राम प्रधान के पदों के लिए कुल 309 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे, जबकि 752 ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए 69 प्रत्याशियों के नामांकन आए। ब्लॉक में दोनों पदों के लिए पर्चों की भी बिक्री हुई।
सहपऊ। ब्लॉक कार्यालय पर नामांकन के दौरान सुरक्षा के तगड़े इंतजाम रहे। दोनों ओर बेरीकेटिंग कर दी गई थी। समर्थको की भीड़ बेरीकेटिंग के लिए लगाई गई बल्लियों के पास ही रुक गई। केवल प्रत्याशियों और उनके प्रस्तावकों को ही अंदर जाने दिया गया।
सहपऊ। नामांकन के बाद प्रत्याशियों ने साथ आने वाले समर्थकों को मिठाई और पूडिय़ों की दावत दी। कुछ उम्मीदवार समर्थकों के लिए गांव से ही मिठाई आदि लाये थे और कुछ ने बाजार से खरीदकर अपने समर्थकों का खिलाई।
सहपऊ। नामांकन के लिए कुछ प्रत्याशी अपने समर्थकों को ट्रैक्टर-ट्रॉली, बोलेरो, टाटा मैक्स आदि गाडिय़ों में भरकर लाए थे। पुलिस ने ब्लॉक कार्यालय के काफी दूर ही वाहनों को रोकने के लिए बेरीकेटिंग लगाई थी। इस कारण सीएचसी के बाहर रोड के दूसरे ओर और कस्बे की ओर आने वाली मुख्य सड़क पर वाहनों की काफी लंबी कतारें लग गई थीं।
सहपऊ। अधिकाश: प्रधान पद के उम्मीदवारों ने अपने साथ लाए बिछौने को सीएचसी के खुले मैदान में बिछा दिया था। उन बिछौनों पर उनके समर्थक बैठे रहे। सीएचसी के लिए जाने वाले मरीजों को भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।