न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
उपजिलाधिकारी सादाबाद ज्योत्स्ना बंधु ने क्षेत्र के गांव गुतहरा में जाकर बूथों का निरीक्षण किया और चुनाव के लिए चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली।
एसडीएम ने जिस स्कूल में बूथ की जांच की, वहां पढ़ रहे बच्चों से सवाल-जवाब भी किए। कुछ बच्चों ने सवालों के सही जवाब दिए तो कुछ चुप्पी साध गए। एसडीएम का गांव में आना सुनकर वहां आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं के बारे में एसडीएम को अवगत कराया।
ज्यादातर समस्याएं राशन कार्ड नहीं बनने, वृद्धावस्था पेंशन, शौचालय, बंद पड़े नलों की रिबोरिंग, नाली-खड़ंजा का निर्माण एवं राशन डीलर द्वारा राशन का वितरण ठीक से नहीं करने की आदि थीं। एसडीएम ने इन समस्याओं को शीघ्र ही समाधान करने का आश्वासन ग्रामीणों का दिया।
इसके बाद पानी की टंकी की चारदीवारी में बंद आवारा गायों और सांड़ों को भी जाकर देखा। इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि अतेंद्र सिसौदिया, दलवीर सिसौदिया, पवन सिसौदिया, जगदीश, लेखपाल नरेंद्र सिंह सेक्रेटरी प्रदीप गौतम आदि मौजूद थे।