न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। रबी सीजन 2017-18 में कराए गए फसली बीमा का लाभ जिले के महज 2,726 किसानों को मिलेगा, जबकि जिले के 22,494 किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अपनी फसल का बीमा कराया था।
जिले के केसीसी धारक 22,494 और गैर केसीसी धारक आठ किसानों ने रबी सीजन 2017-18 में गेहूं, आलू और सरसों की फसल का बीमा कराया था, जिसमें से केवल 2,726 किसानों को इस बीमा का लाभ मिलेगा। शासन ने 82.38 लाख की धनराशि बीमा कंपनी के माध्यम से जिले के लिए जारी की है, जिसे किसानों के खातों में संबंधित बैंकों के माध्यम से भेजा जा रहा है।
उप कृषि निदेशक एचएन सिंह का कहना है कि निर्धारित मानक के अनुसार फसल में हुए नुकसान का आकलन बीमा कंपनी द्वारा किया गया। इसके आधार पर 2,726 किसानों को इसका लाभ मिल रहा है। कुछ किसानों के खातों में बीमा की राशि पहुंच भी गई है। जिन किसानों के बैंक खातों में बीमा की राशि नहीं पहुंची है, ऐसे किसान दफ्तर में आकर मिलें, ताकि उनकी समस्या का समाधान कराया जा सके।