टूट तारों को दुरूस्त करते विद्युत कर्मी
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
दो दिन पहले आई तेज आंधी से बिजली महकमे को काफी नुकसान झेलना पड़ा। महकमे के विभिन्न गांवों में लगे करीब 60 विद्युत पोल आंधी में धराशायी हो गए। कई जगह बिजली के तार टूट गए और तीन ट्रांसफॉर्मर भी क्षतिग्रस्त हो गए। मंगलवार को भी विद्युत कर्मी आंधी से चौपट हुई बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करने में जुटे रहे।
गौरतलब हो कि तेज आंधी आने की वजह से गांव मई, बिलारा, बिसावर, गीगला, नगला काठ, ऊंचागांव सहित आसपास के कई गांवों में बिजली के पोल धराशायी हो गए थे। विद्युत ट्रासंफॉर्मर भी लाइन सहित गिर गए थे। विभाग ने जब सर्वे कराया तो सामने आया कि महकमे के विभिन्न गांवो में लगे करीब 60 विद्युत पोल टूट गए हैं। तार टूटने से कई गांवो की बिजली भी गुल हो गई है। एसडीओ ग्रामीण सुमित गोयल ने बताया कि पोल, तार और ट्रांसफॉर्मरों के क्षतिग्रस्त होने से महकमे को करीब पांच से छह लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नुकसान का सर्वे करा लिया गया है। टृटे हुए पोलों की जगह नए पोल लगाकर व तारों को जोड़कर कई गांवो की विद्युत आपूर्ति को सुचारू करा दिया गया है। जहां कहीं भी काम शेष रह गया है, वहां अतिशीघ्र पूरा करा दिया जाएगा।