अखिलेश वार्ष्णेय, हाथरस।
शहर के पीसी बागला महाविद्यालय से अब बीएड करने के लिए भारी भरकम फीस नहीं चुकानी होगी। अब सिर्फ 6,286 रुपये में ही कालेज से बीएड हो सकेगी। कालेज प्रबंध तंत्र को शासन स्तर से इस आशय का पत्र भी प्राप्त हो गया है।
महाविद्यालय में वर्ष 1993-94 बीएड की पढ़ाई लगातार चल रही है। कालेज में बीएड की करीब 100 सीटें निर्धारित हैं। 27 दिसम्बर 2013 को शासन द्वारा पीसी बागला महाविद्यालय को बीएड कालेजों की अनुदान सूची में शामिल किया गया था, लेकिन 28 महीने बाद भी शासन स्तर से पत्र प्राप्त न होने के कारण विद्यार्थियों को सरकारी फीस पर बीएड में प्रवेश नहीं मिल पाया।
यहां विद्यार्थियों को 53, 500 रुपये की फीस जमा करनी पड़ रही थी। अब बागला कालेज को शासन स्तर से बीएड विद्यार्थियों के प्रवेश की सरकारी फीस 6286 रुपये में प्रवेश करने का पत्र प्राप्त हो गया है।
साथ ही कालेज के पांच बीएड प्रोफेसर डा. रमा शर्मा, डा. डीके दीक्षित, डा. विमलेश, डा. दीपा ग्रोवर, डा. डीके सिंह को भी विनियमित कर दिया गया है।
विद्यार्थियों को अब भारी भरकम फीस से राहत मिल गई है। इससे बीएड शिक्षकों व छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है।
- शासन स्तर पर काफी प्रयास करने के बाद आखिरकार अनुदान सूची में शामिल होने का लाभ कालेज को मिल गया है। इसके लिए शासन स्तर पर काफी पत्र व्यवहार भी किया। इसके बाद शासन ने संज्ञान लेते हुए समस्या का समाधान कर दिया। अब बीएड छात्र छात्राओं के प्रवेश 6286 रुपये की फीस पर हो सकेंगे।
- मेजर राजकमल दीक्षित, प्राचार्य, पीसी बागला महाविद्यालय, हाथरस
वहीं पीसी बागला महाविद्यालय बीएड सत्र 2015-17 के सभी विद्यार्थियों के विश्वविद्यालय परीक्षा आवेदन फार्म आनलाइन भरे जाएंगे। आनलाइन फार्म भरने की तिथि आठ अक्तूबर है।
इसकी जान प्राचार्य ने बताया कि सभी विद्यार्थियों से अपने-अपने प्रमाण पत्रों की दो-दो स्वप्रमाणित छाया प्रतियों के साथ महाविद्यालय में उपस्थित होकर परीक्षा आवेदन पत्र भरवाना सुनिश्चित करें।