न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। राष्ट्रीय पोषण माह के तहत प्रत्येक सप्ताह में हुए कार्यक्रमों का डाटा विभाग के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इसके लिए शासन स्तर से विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इसे लेकर गुरुवार को डीपीओ मुन्नी देवी दिवाकर ने सभी सीडीपीओ के साथ बैठक की। बैठक में सभी को पोर्टल पर अपलोड होने वाले दस्तावेजों और फोटो के बारे में जानकारी दी।
मुन्नी देवी ने बताया कि शासन के निर्देश पर सुपोषण माह के तहत पूरे माह जिले भर में एएनएम सेंटर और आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन सेंटर पर होने वाले कार्यक्रमों की सभी संबंधित अधिकारियों को फोटोग्राफी करानी होगी।
उन्होंने बताया कि सीडीपीओ द्वारा कार्यक्रम के फोटो प्रत्येक सप्ताह के अंत में निर्धारित तिथि को पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। इस मामले में कोई भी कोताही नहीं बरती जाएगी। प्रत्येक सप्ताह फोटो अपलोड के माध्यम से होने वाले कार्यक्रमों की सूचना शासन को भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि निर्धारित कार्यक्रमों को विभागीय कर्मचारी पूरी लग्न से करें। इस मामले में लापरवाही नहीं बरतें।