संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
कोरोना संक्रमण के इस दौर में टीकाकरण को लेकर लोगों का भ्रम दूर नहीं हो रहा है। खासकर ग्रामीण अंचल में लोग टीकाकरण से बच रहे हैं। यही वजह है कि अब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र में टीकाकरण के प्रति जागरूकता पैदा करने का अभियान शुरू किया है। गांव पिपलगवां में भ्रमण के दौरान प्रशासन और स्वास्थ्य टीम ने लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया और कई लोगों को टीके की पहली खुराक लगाई।
बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने के बाद टीकाकरण केंद्रों पर लाइन लग रही हैं। लोगों को अब लगने लगा है कि टीका ही उन्हें कोरोना के कहर से बचा सकता है। स्थिति यह है कि देश भर से टीके की किल्लत की खबरें आ रही हैं, लेकिन अब भी कुछ इलाके ऐसे हैं, जहां टीके को लेकर लोगों में भ्रम है और लोग टीका लगवाने से बच रहे हैं।
टीकाकरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए बुधवार को एसडीएम मनोज कुमार सिंह, तहसीलदार और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की टीम गांव पिपलगवां पहुंची। टीम ने गांव में घूमकर टीके को लेकर लोगों का भ्रम दूर करने की कोशिश की।
समाजसेवी जयपाल सिंह चौहान ने ग्रामीणों को समझाया कि अब कोरोना गांवों में आ गया है। इससे बचने का एक ही तरीका है टीका लगवाना। अनेक प्रकार के भ्रमों का निवारण किया गया है। इसके बाद बालाजी इंटर कॉलेज में लगभग 50 लोगों ने टीके की पहली डोज लगवाई। टीम में प्रमुख रूप से तहसीलदार ठाकुर प्रसाद सिंह, अजय संतोषी, यासीन खां, दया यादव, राजेश कुमारी आदि थे। ग्रामीणों में प्रधान विशाल सिंह चौहान, धर्मेंद्र चौहान, रामनिवास चौहान, हृदेश चौहान आदि मौजूद थे।