30 मई से दो जून के बीच बदला रहेगा मौसम का मिजाज
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कानपुर और भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार हाथरस जिले में 30 मई से दो जून के बीच मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। इस दौरान स्थानीय स्तर पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि होगी। अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस कम रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। हवा के झोंकों की गति सामान्य से 7-8 किलोमीटर प्रति घंटा अधिक हो सकती है।
किसान ध्यान दें
कृषि विभाग ने सलाह दी है कि वर्तमान में मक्का में दाना भरने और उड़द-मूंग में फली बनने की अवस्था है, जो नमी के प्रति बेहद संवेदनशील है। यदि बारिश न हो, तभी आवश्यकतानुसार हल्की सिंचाई करें। मक्का में तना बेधक और उड़द में फली बेधक कीट की रोकथाम के लिए आसमान साफ होने पर इमामेक्टिन बेंजोएट या डाइमेथोएट का छिड़काव करें।