डिग्री और व्यावसायिक कॉलेजों में छात्रवृत्ति के आवेदन शुरू होते ही आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र बनवाने के लिए छात्रों की भागदौड़ शुरू हो गई है। हालांकि, 67 क्षेत्र के लेखपालों ने कार्य बहिष्कार के तहत अपने बस्ते जमा कर रखे हैं। ऐसे में 7920 आवेदकों के आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र के आवेदन अटके हुए हैं।
आंकड़ों के अनुसार, जिले में राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही के कारण 7920 आवेदनों में से आय प्रमाणपत्र के 369 आवेदन निर्धारित समय-सीमा पार कर चुके हैं। ये आवेदन छात्र-छात्राओं ने कर रखे हैं। समयावधि बीतने की वजह से ये सभी आवेदन अब डिफॉल्टर श्रेणी में दर्ज हो चुके हैं। दूसरी ओर छात्रवृत्ति फॉर्म भरने का समय निकलता जा रहा है।
छात्र-छात्राएं जन सेवा केंद्रों और तहसीलों के चक्कर लगा रहे हैं। दूसरी तरफ शिक्षक भर्ती के आवेदक भी जाति, आय के प्रमाणपत्रों के कारण परेशान हैं। उनके पास भर्ती आवेदन के लिए कुछ ही दिन बचे हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी का कहना है कि लेखपालों की लोकल स्तर की जो समस्याएं थीं, उनका निस्तारण करा दिया गया है। शासन स्तर पर जो मामले लंबित हैं, उनके लिए पत्राचार किया जा रहा है।
जानिए कितने समय से लंबित हैं प्रमाणपत्र
प्रमाणपत्र - एक सप्ताह तक - एक सप्ताह से ज्यादा - कुल आवेदन
निवास 1,920 790 2,710
आय 2,100 850 2,950
जाति 1,660 600 2,260
कुल योग 5,680 2,240 7,920
167 कॉलेजों के छात्र-छात्राएं प्रभावित
जिले में कुल 167 डिग्री और व्यावसायिक कॉलेज संचालित हैं। इनमें पढ़ने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को समय पर छात्रवृत्ति का फॉर्म ऑनलाइन भरना है जिसके लिए ये प्रमाणपत्र अनिवार्य हैं। 67 क्षेत्र के लेखपालों के बस्ते जमा करने से प्रमाणपत्र के आवेदनों की जांच और रिपोर्ट लगाने का काम ठप है। इसी वजह से तहसील स्तर पर फाइलों का अंबार लग गया है। यदि समय रहते इन प्रमाणपत्रों के आवेदनों का निस्तारण नहीं किया गया तो जिले के हजारों पात्र छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित हो सकते हैं।
शिक्षक भर्ती वाले आवेदक भी परेशान
शिक्षा विभाग में शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन निकले हुए हैं। इन आवेदनों की अंतिम तिथि 4 अक्तूबर हैं। बहुत से आवेदकों को जाति प्रमाणपत्र की आवश्यकता है। ये आवेदक भी प्रमाणपत्र न मिलने के कारण आवेदन नहीं कर पा रहे हैं जबकि अंतिम तिथि में कुछ ही दिन शेष रह गए हैं।
छात्रवृत्ति का पोर्टल खुला है। मैंने अपने निवास, जाति व अन्य प्रमाणपत्र तैयार करने के लिए आवेदन कर रखा है। अभी तक सत्यापन रिपोर्ट नहीं लगी है। -अनुराग सिंह, छात्र, एमए अंतिम वर्ष
आय प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया है लेकिन रिपोर्ट न लगने के कारण मेरा काम अटका हुआ है। छात्रवृत्ति पोर्टल कभी भी बंद हो सकता है। -शिवम, छात्र, एमए फाइनल