न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
अधीक्षण अभियंता विद्युत प्रदीप अग्रवाल ने शनिवार को गांव ऊघई स्थित 33/11 केवी बिजलीघर का निरीक्षण किया। बिजलीघर पर ट्रांसफॉर्मरों के प्रोटेक्शन बोर्ड चालू नहीं मिलने और अपूर्ण अभिलेखों को देखकर अधीक्षण अभियंता का पारा चढ़ गया। उन्होेंने मौजूद कर्मियों को जमकर फटकार लगाई और कमियों को सुधारने की चेतावनी दी।
गर्मियों मेें बिजली का हाल सुधरा रहे, इसलिए प्रबंध निदेशक से लेकर अधीक्षण अभियंता तक इस समय बिजलीघरों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं, जिससे बिजलीघरों पर व्याप्त अव्यवस्थाओं को समय रहते दूर किया जा सके। शनिवार की शाम अधीक्षण अभियंता प्रदीप अग्रवाल गांव ऊघई स्थित 33/11 केवी बिजलीघर पर पहुंच गए। यहां उन्होंने बिजलीघर का बारीकी से निरीक्षण किया।
अधीक्षण अभियंता ने बताया कि बिजलीघर पर लगे पांच पांच एमवीए के दोनों ट्रांसफॉर्मरों पर लगे प्रोटेक्शन बोर्ड चालू अवस्था में नहीं मिले। अभिलेख भी अपूर्ण मिले। बिजलीघर कर्मियों द्वारा बकाएदारों के कनेक्शन काटने का कार्य भी नियमित रूप से नहीं किया जा रहा है। बिजली चोरी को रोकने के लिए भी कोई अभियान नहीं चलाया जा रहा है। बिजलीघर पर काफी अव्यवस्थाएं भी मिलीं, जिन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में मिली कमियों को यदि नहीं सुधारा गया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जेई भूप सिंह व अन्य विद्युत कर्मी मौजूद थे।