न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
नगर में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की एक के बाद एक कार्रवाई हुई। एक क्लीनिक को सील करने के बाद स्वास्थ विभाग की टीम ने नयागंज स्थित अनल हॉस्पिटल के अल्ट्रासाउंड सेक्शन का निरीक्षण किया। काफी देर तक कागजों को खंगालने के बाद क्लीन चिट दे दी गई।
एसीएमओ डॉ. डीके अग्रवाल, एसडीएम विजय शर्मा एवं स्वास्थ्य कर्मी एनके अग्निहोत्री ने दोपहर में निरीक्षण शुरू किया। अल्ट्रासाउंड कराने वाले लोगों के आधार कार्ड और सीएमओ को प्रतिदिन भेजी जाने वाली रिपोर्ट भी चेक की गई। एसडीएम ने स्वयं ऐसी कई महिलाओं से बात की, जिन्होंने पिछले समय में अल्ट्रासाउंड कराए थे। यह भी जानने की कोशिश की कि कहीं यहां लिंग परीक्षण तो नहीं कराया जा रहा।
हालांकि ऐसा कोई संकेत जांच टीम को नहीं मिला। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यहां सघन निरीक्षण के दौरान कोई कमी नहीं मिली। चिकित्सक डॉ. मिथलेश वार्ष्णेय ने बताया कि हमारे यहां सबकुछ नियम के अनुसार होता है। कोई लिंग भ्रूण परीक्षण की कहता है तो उसे मना कर दिया जाता है।