न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस।
डीजीपी ओपी सिंह के एक थाने में चार इंस्पेक्टरों की तैनाती पर जिले में भी अमल शुरू कर दिया गया है। हालांकि यहां इंस्पेक्टरों की कम संख्या को देखते हुए सर्किल वाले थाने में तीन इंस्पेक्टरों की तैनाती का निर्णय लिया गया है। शहर कोतवाली के अलावा सिकंदराराऊ और सादाबाद में अब तीन इंस्पेक्टर तैनात होंगे। प्रभारी निरीक्षक पर कानून व्यवस्था ठीक रखने की जिम्मेदारी रहेगी वहीं क्राइम कंट्रोल और प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी दो अन्य इंस्पेक्टर संभालेेंगे।
शहर कोतवाली में जसपाल सिंह पंवार प्रभारी निरीक्षक रहेंगे और कानून व्यवस्था को संभालेंगे। वहीं अपराध नियंत्रण का जिम्मा इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार और प्रशासनिक व्यवस्थाएं इंस्पेक्टर पंकज रानी के जिम्मे रहेंगी।
सिकंदराराऊ में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा कानून व्यवस्था पर भी पहले की तरह अपनी पकड़ रखेंगे। वहीं अपराधों की रोकथाम की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर गजराज सिंह और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर राम अवतार की रहेगी।
सादाबाद में बड़ा फेरबदल किया गया है। यहां तैनात प्रभारी निरीक्षक केपी सिंह को हाथरस जंक्शन भेजा गया है। उनकी जगह एसपी के पीआरओ रहे शशि प्रकाश शर्मा ने ली है। प्रभारी निरीक्षक होने के साथ कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी इन्हीं की होगी। इनके सहयोग के लिए क्राइम कंट्रोल का इंचार्ज इंस्पेक्टर शैलेंद्र प्रताप सिंह को बनाया गया है। कोतवाली का प्रशासनिक इंचार्ज इंस्पेक्टर संजीव त्यागी को बनाया गया है।