गांव बर्द्धवारी में पौध रोपते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो हाथरस
हाथरस। डीएम अविनाशकृष्ण सिंह ने सोमवार को ब्लॉक मुरसान के गांव बर्द्धवारी में नीम और पाइकस का पौधा लगाकर ‘ग्रीन यूपी, क्लीन यूपी’ के तहत जिले में 24 घंटे के सघन पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पूरे राज्य में 24 घंटे के भीतर पांच करोड़ पौधे लगाए जाने हैं, जिसमें हाथरस को भी 4,08,606 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। सरकार के इस कीर्तिमान में साझीदार बनने के लिए डीएम की अगुवाई में जिले के पांच ब्लॉकों में 39 चिन्हित जगहों पर 310 हेक्टेयर भूमि पर पौधरोपण शुरू किया गया।
डीएम ने ब्लॉक मुरसान के गांव बर्द्धवारी में नीम और पाइकस के पौधे लगाकर सघन पौधरोपण अभियान का श्रीगणेश किया। उन्होंने सुबह से हो रही बारिश को प्रकृति का आशीर्वाद बताया और उम्मीद जताई कि जिले में 24 घंटे में लक्ष्य के सापेक्ष पौधे रोपित कर अभियान को कामयाब बनाने और प्रदेश का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने में हाथरस जनपद का महतवपूर्ण योगदान रहेगा।
कार्यक्रम में सांसद राजेश दिवाकर, जिला पंचायत सदस्य श्याम सिंह तथा डीआईओ यतीशचंद्र गुप्ता ने भी पौधरोपण किया। डीएफओ मधुकर दयाल ने बताया कि प्रदेश के सीएम की शीर्ष प्राथमिकता में शामिल इस अभियान के तहत जिले के ब्लॉक मुरसान में तीन, हाथरस में एक, सासनी में पांच, सिकंदराराऊ में 13 तथा हसायन में 17 स्थलों पर 310 हेक्टेयर क्षेत्र में 24 घंटे की अवधि में 4 लाख 08 हजार 606 पौधे लगाए जाने हैं। लक्ष्य प्राप्ति तक यह अभियान पूरी रात और पूरे दिन चलेगा।
उन्होंने कहा कि पौधों के समुचित रखरखाव की व्यवस्था और पौधरोपण स्थलों पर पौधों की सुरक्षा के लिए फैंसिंग लगवाई जाएगी। पौधरोपण स्थल पर निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गवाह, ऑडिटर तथा सेक्टर अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने साक्ष्य सहित निर्धारित प्रारूप में आवश्यक अभिलेखों को पूरा करने की कार्यवाही को अंजाम दिया।