संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
विकास खंड कार्यालय पर चल रहे ग्राम पंचायत सदस्य पद के निर्वाचन के दौरान ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के अलावा रिटर्निंग अधिकारी व सहायक रिटर्निंग अधिकारी क्षेत्र की 64 में से 62 ग्राम पंचायतों में काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों को चुनाव न कराने के लिए मनाने में कामयाब हो गए हैं। इस तरह 346 ग्राम पंचायत सदस्यों के निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ हो गया है।
दो ग्राम पंचायतों में 10 वार्डों में प्रशासनिक अधिकारी काफी प्रयास के बावजूद चुनाव टलवाने में कामयाब नहीं हो सके। क्षेत्र की 64 ग्राम पंचायतों में 356 सदस्यों के पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया तीन जून से शुरू हुई थी। ग्रामीणों ने 356 सदस्य पदों के लिए 555 नामांकन पत्रों की खरीदारी की गई थी।
जैसे ही प्रशासनिक अधिकारियों को नामांकन पत्रों की बिक्री निर्धारित पदों से ज्यादा होने की जानकारी हुई तो अधिकारियों ने निर्विरोध चुनाव कराने की कोशिश शुरू कर दी। तीन दिन की मशक्कत के बाद अधिकारी 346 वार्डों में सदस्यों का चुनाव निर्विरोध कराने में सफल हो गए, जबकि गांव हैथा रघुनाथपुर व कानऊ के 10 वार्डों में चुनाव को टलवाने में अधिकारी सफल नहीं हो सके। इन दोनों ग्राम पंचायतों के 10 वार्डों में 12 जून को मतदान कराया जाएगा।