संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
जिले के बेसिक के माध्यमिक के विद्यालयों पर बिजली विभाग की काफी उधारी है। शिक्षा विभाग की हीलाहवाली का खामियाजा नौनिहालों को भुगतना पड़ सकता है। शिक्षा विभाग पर बिजली महकमे का तीन करोड़ 81 लाख से अधिक का बकाया है। बिजली महकमा अब नए सिरे से मार्च को देखते हुए बकाया जमा करने के लिए रिमांडर भेज रहा है।
उल्लेखनीय है कि एक तरफ सरकार स्कूलों को हाईटेक करने के लिए कंप्यूटर से लैस करने में जुटी हुई है। कहीं ऐसा न हो जिले के विद्यालयों में बिजली उधारी के कारण बिजली गुल न हो जाए। जिलेभर के करीब एक हजार बेसिक व माध्यमिक के विद्यालयों पर तीन करोड़ 81 लाख 76 हजार सौ रुपये का बकाया है। कई बार बकाया जमा करने का विभाग की ओर से आग्रह किया गया, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात ही निकला है। अप्रैल 2017 तक का स्कूलों पर बिजली के बकाया की राशि पंचायतीराज विभाग द्वारा जमा किया जाना था।
उसके आगे का बकाया बेसिक शिक्षा महकमे द्वारा जमा किया जाना था, लेकिन आज तक किसी ने भी बकाया जमा करने की सुध नहीं ली है। इस कारण बिजली विभाग करोड़ों रुपये का बकाया जस का तस अटका हुआ है। इस मामले में अधीक्षण अभियंता पवन कुमार अग्रवाल का कहना है कि बकाया जमा करने के लिए शिक्षा विभाग को रिमांडर भेजा जा रहा है। इसके बाद भी बकाया जमा नहीं किया तो संयोजन विच्छेदन की कार्यवाही की जाएगी।