न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
प्रयागराज में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 23 विद्यार्थियों को जिला प्रशासन की मदद से हाथरस लाया गया। दून स्कूल में क्वारंटीन किए जाने के बाद उनकी थर्मल स्क्रीनिंग हुई। यहां पर पहुंचे डीएम ने सभी के बारे में जानकारी ली और फिर जिले के 20 विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेजते हुए होम क्वारंटीन किया गया।
कोविड-19 महामारी के चलते देशभर में लागू लॉकडाउन के कारण जिले के 20 विद्यार्थी प्रयागराज में फंस गए थे। यह सभी वहां पर रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। लॉकडाउन बढ़ने के कारण इनके परिजनों को चिंता हुई और फिर अपने बच्चों को घर बुलाने के लिए अभिभावकों ने जिला प्रशासन से बात की, जिसके बाद जिला प्रशासन की पहल पर बृहस्पतिवार की सुबह 23 विद्यार्थी हाथरस पहुंचे, जिन्हें अधिकारियों की देखरेख में दून पब्लिक स्कूल में रोका गया। यहां पर उनके परिवार के लोग भी आ गए।
डीएम प्रवीण कुमार लक्षकार ने भी अपनी टीम के साथ पहुंच विद्यार्थियों के बारे में जानकारी ली। यहां पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी विद्यार्थियों के स्वास्थ्य का परीक्षण थर्मल स्कैनिंग मशीन से किया। जिसमें बाद दोपहर को जनपद के 20 विद्यार्थियों को उनके अभिभावकों के साथ घर भेज दिया गया, जिसके बाद संबंधित क्षेत्रों की स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें होम क्वारंटीन किया। इनके अलावा तीन विद्यार्थी ऐसे हैं, जिनमें दो बुलंदशहर के हैं और एक अलीगढ़ का रहने वाला है।
प्रयागराज से आए सभी विद्यार्थियों को प्राथमिकी जांच के बाद उनके घर भेज दिया गया है। इनके साथ गाड़ी में बुलंदशहर के दो और एक अलीगढ़ का छात्र भी बैठकर हाथरस आ गया था। इन तीनों को उनके घर भेजे जाने की व्यवस्था की जा रही है।
-प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम हाथरस
चेयरमैन ने स्कूल को कराया सैनिटाइज
हाथरस। इन विद्यार्थियों के हाथरस के दून पब्लिक स्कूल में आने की जानकारी मिलने पर नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा भी वहां अपनी टीम के साथ पहुंच गए। पालिकाध्यक्ष ने अपनी मौजूदगी में पूरे स्कूल को सैनिटाइज कराया और जिला प्रशासन की इस व्यवस्था के लिए प्रशंसा भी की।