साल के अंतिम दिन रविवार को विद्युत बकाया वसूलने के लिए बिजली महकमे ने पूरी ताकत लगा दी, लेकिन फिर भी उच्चाधिकारियों द्वारा दिए गए इस माह के लक्ष्य की पूर्ति महकमा नहीं कर सका।
अभियान के तहत विद्युत वितरण खंड प्रथम में एक्सईएन आदित्य पांडेय के निर्देश पर बकाया वसूली अभियान चलाया गया। इस अभियान में एसडीओ हरिओम सोनी और गोपीचंद्र भास्कर ने अवर अभियंताओं के साथ बकाएदारों की बिजली गुल की।
14.39 लाख के 49 बकाएदारों की बिजली गुल कर दी गई। 25.16 लाख की वसूली की गई। दो के खिलाफ बिजली चोरी की एफआईआर भी दर्ज कराई गई। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के तहत मुरसान, मेंडू सहित कई इलाकों में बकाएदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एक्सईएन खानचंद्रा ने बताया कि करीब 16 लाख रुपये के 72 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए। करीब 5.60 लाख रुपये की वसूली भी हुई। विद्युत वितरण खंड तृतीय में 10 हजार से अधिक के बकाएदारों पर कार्रवाई हुई।
एक्सईएन अखिलेश कुमार ने बताया कि बकाएदार 106 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए। कुल 8.53 लाख की वसूली की गई। इस अभियान के बाद भी महकमा दिसंबर माह में दिए गए लक्ष्यों की पूर्ति नहीं कर पाया।