जिले में विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देने के उद्देश्य से चलाई जा रही समाधान योजना के प्रति उपभोक्ताओं का खासा रुझान देखने को मिला है। एक दिसंबर से चार जनवरी तक चले योजना के पहले चरण में 22,639 विद्युत उपभोक्ताओं ने इसका लाभ उठाया। इस दौरान विभाग को करीब 30 करोड़ रुपये का बकाया राजस्व मिला है।
योजना के तहत पहले चरण में उपभोक्ताओं को ब्याज में शत-प्रतिशत के साथ मूलधन में 25 फीसदी की छूट का लाभ दिया गया, जिसका फायदा बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया। अब समाधान योजना का दूसरा चरण शुरू किया जा चुका है। इस चरण में बकायेदार उपभोक्ताओं को मूल धन में 20 प्रतिशत के साथ ब्याज में भी शत-प्रतिशत छूट दी जा रही है। अधिशासी अभियंता शहर संदीप कुमार ने बताया कि अधिकारियों ने बकायेदार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते योजना का लाभ उठाएं, ताकि भविष्य में कनेक्शन कटौती या अन्य दंडात्मक कार्रवाई से बचा जा सके।