न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ब्लॉक सहपऊ की ग्राम पंचायत रामपुर, खेरिया, कोकना खुर्द, कोकना कलां का डीपीआरओ बनवारी सिंह ने औचक निरीक्षण किया। ग्राम पंचायतों में गंदगी के ढेर मिले। ग्रामीणों ने सफाई कर्मी के 15 दिनों में एक बार आने की शिकायत की। ग्राम पंचायतों में गंदगी के हालातों को देखते हुए डीपीआरओ ने पांच सफाई कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में स्पष्टीकरण तलब किया। पांचों सफाई कर्मियों का मई का वेतन से वेतन रहित किए जाने के आदेश दिए हैं। इस कार्रवाई से सफाई कर्मियों में खलबली मच गई है।
ब्लॉक सहपऊ की ग्राम पंचायत रामपुर का डीपीआरओ ने निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत की नालियों गंदगी भरी पड़ी मिली। प्राथमिक विद्यालय के जाने वाले रास्ते पर गंदगी के ढेर मिले। ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मी विजय कुमार 15 दिन में एक बार गांव में आता है। ऐसा ही हाल ग्राम पंचायत कोकना कलां, गांव खेरिया, गांव भुकलारा, गांव कोकना खुर्द का मिला। यहां भी गांवों में गंदगी ढेर मिले और ग्रामीणों ने सफाईकर्मी नहीं आने की जानकारी दी। यहां तक कि ग्राम पंचायत की उपस्थिति का रजिस्टर भी सफाई कर्मियों के पास होने की जानकारी मिली।
डीपीआरओ ने पदीय दायित्वों में लापरवाही मानते हुए सफाई कर्मियों को मई महीने का वेतन रहित किए जाने के आदेश दिए हैं। सफाई कर्मी प्रमोद कुमार, विजय कुमार, राकेश कुमार, हरवीर सिंह, विजय कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के अंदर एडीओ पंचायत के माध्यम से स्पष्टीकरण दिए जाने के आदेश दिए है। उन्होंने कहा है कि स्पष्टीकरण नहीं आने की दशा में निलंबन की कार्रवाई की गई है।