न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
हाथरस। हाथरस जंक्शन स्थित पवन कंप्यूटर सेंटर पर आधार कार्ड नामांकन के नाम पर अवैध उगाही के मामले की खबर का संज्ञान लेते हुए एडीएम रेखा एस चौहान ने सेंटर संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं स्पष्टीकरण तलब नहीं होने पर एफआईआर दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए हैं।
नोटिस में कहा गया है सुपरवाइजर और ऑपरेटर की मौजूदगी के बिना ही सॉफ्टवेयर को बाईपास कर फर्जी तौर पर आधार नामांकन की प्रक्रिया की जा रही थी। वहीं गोपनीय शिकायत के माध्यम से अवगत कराया गया है कि केंद्र पर आधार कार्ड संशोधन के नाम पर शिकायतकर्ता से 200 रुपये वसूल किए गए हैं।
एडीएम ने निर्देश दिया है कि यह स्पष्ट करें कि किन अधिकारों के तहत आप आधार कार्ड संशोधन का कार्य निजी केंद्र पर कर रहे है, अन्यथा कि दशा में आपके विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। वहीं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के जिला प्रबंधक कृष्णकांत को भी जिले में संचालित सभी केंद्रों की सूची और केंद्र संचालकों के नाम और मोबाइल नंबर सहित उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।