न्यूज डेस्क अमर उजाला हाथरस
हाथरस। ग्राम पंचायतों में जीएसटी और आयकर की समस्याओं के निस्तारण को लेकर तत्कालीन डीपीआरओ द्वारा मानकों की अनदेखी कर एक संस्था को नामित किया गया था। इस संबंध में डीएम डॉ. रमाशंकर मौर्य ने तत्कालीन डीपीआरओ शहनाज अंसारी से स्पष्टीकरण मांगा है। डीएम ने निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के अंदर इस प्रकरण में तत्काल स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
तत्कालीन डीपीआरओ शहनाज अंसारी द्वारा जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आयकर और जीएसटी की समस्याओं के निराकरण के लिए अनुराग जैन एंड कंपनी को नामित किया गया था। इसे लेकर शासन में तत्कालीन डीपीआरओ द्वारा मानक की अनदेखी कर कंपनी को नामित करने की शिकायत की गई थी।
शिकायत के आधार पर जांच शुरू हुई। अब इस मामले में डीएम ने कंपनी के लिए जारी आदेश को निरस्त कर दिया है। वहीं तत्कालीन डीपीआरओ से स्पष्टीकरण तलब कर लिया है। उल्लेखनीय है कि तत्कालीन डीपीआरओ ने बिना टेंडर प्रक्रिया के इस कंपनी के नामित कर दिया। यहां तक कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के अनुसार धनराशि का भी निर्धारण कर दिया।